जम्मू-कश्मीर लोकसभा सीट

जम्मू-कश्मीर की उधमपुर-कठुआ लोकसभा सीट पर मतदान हो गया है। अब चुनाव के दूसरे चरण यानी 26 अप्रैल को जम्मू-रियासी सीट पर चुनाव होगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दल प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इस संसदीय क्षेत्र के लिए 24 अप्रैल की शाम को प्रचार समाप्त हो जाएगा। प्रचार के अंतिम दो दिनों में प्रदेश के बाहर से भाजपा व कांग्रेस का कोई भी दिग्गज नहीं आएगा।

जम्मू-रियासी सीट पर 17 लाख मतदाता

जम्मू-रियासी सीट के लिए होने जा रहे मतदान में 1780738 मतदाता मैदान में उतरे 22 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। संसदीय क्षेत्र में 66378 मतदाता पहली बार वोट डालने जा रहे हैं। मुख्य मुकाबला लगातार दो बार सांसद रहे भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा व कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री रमन भल्ला के बीच है। सोमवार को दोनों पार्टियों के नेताओं ने प्रचार में जोर लगाया।

भाजपा जम्मू जिले पर अधिक केंद्रित

प्रचार के अंतिम दिनों में भाजपा अपना ध्यान जम्मू जिले पर केंद्रित कर रही है। संसदीय सीट के लिए होने वाले मतदान में जम्मू जिला मुख्य भूमिका निभाएगा। जम्मू जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में 1186594 वोट किसी भी राजनीतिक दल को अर्श से फर्श पर ला सकता है।

वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में इस जिले की बिश्नाह व नगरोटा सीटों को छोड़कर अन्य सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी ने ही जीती थी। वर्ष 2014 व 2019 के संसदीय चुनाव में भी भाजपा के उम्मीदवार की जीत में जम्मू जिले के वोटों की अहम भूमिका रही है।

जुगल किशोर शर्मा ने सांबा में किया प्रचार

सोमवार को भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा ने सांबा जिले के बड़ी ब्राह्मण व गुढ़ा सलाथिया में प्रचार करते हुए कांग्रेस पर स्वार्थी राजनीति कर देशवासियों के हितों को दाव पर लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में विकास के पहिए तेजी से घूमते रहें, इसके लिए नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि विकसित भारत के निमार्ण के लिए लोग भाजपा को वोट दें।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने सोमवार को रियासी जिले के गुलाबगढ़, लाड, लार, बरांसल आदि इलाकों में प्रचार कर भाजपा के लिए वोट मांगे।

रमण भल्ला ने कालाकोट-सुंदरबनी में किया प्रचार

कांग्रेस के उम्मीदवार रमण भल्ला ने कालाकोट-सुंदरबनी में प्रचार किया। उनके समर्थन में कांग्रेस प्रदेश प्रधान विकार रसूल वानी ने भी राजौरी जिले में आने वाली जम्मू-रियासी की इस इकलौते विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।

इस विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 96192 है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों मूला राम, यागेश साहनी ने जम्मू जिले में चुनाव प्रचार किया।