रायबरेली में प्रचार के लिए उतरे राहुल प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी के लिए बुधवार से प्रचार शुरू कर दिया। बछरावां विधानसभा क्षेत्र के फुलवासा में आयोजित नुक्कड़ सभा में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने आपकी मुश्किलें कम करने की जगह आपको पांच किलो राशन का बोरा पकड़ा दिया है।

बीजेपी मुद्दों पर बात नहीं करती

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी की पूरी मशीनरी ही राहुल गांधी के खिलाफ झूठ फैलाने में लगी हुई है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी धर्म, जाति और मंदिर-मस्जिद के बारे में बात करती है लेकिन लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों के बारे में बात नहीं करती।

रायबरेली के लोग नेताओं को समझते हैं

अपने भाई राहुल गांधी के लिए प्रचार करते हुए प्रियंका ने यह भी कहा कि यहां के लोग नेताओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा, “जब उन्हें इंदिराजी की कोई नीति पसंद नहीं आई तो उन्होंने उन्हें भी हरा दिया। इंदिरा गुस्सा नहीं हुईं बल्कि आत्ममंथन किया। आपने उन्हें दोबारा चुना। यह रायबरेली के लोगों की खासियत है कि वे नेताओं को समझते हैं।

नेहरू जी की गिरफ्तारी

अपने संबोधन में प्रियंका ने रायबरेली से अपने परिवार के जुड़ाव का इतिहास भी बताया। उन्होंने कहा कि 103 साल पहले किसान आंदोलन के दौरान नेहरू जी ने यहीं गिरफ्तारी दी थी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग बेरोजगारी और महंगाई जैसे जनता से जुड़े मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। कांग्रेस आई तो नौजवानों को रोजगार मिलेगा और ग्रेजुएट को एक लाख रुपये दिए जाएंगे।

कश्मीर से कन्याकुमारी

उन्होंने कहा, ‘इसीलिए राहुल कन्याकुमारी से कश्मीर तक चार हजार किलोमीटर पैदल चले और फिर उसके बाद मणिपुर से लेकर मुंबई तक उन्होंने यात्रा की। यह आपकी समस्याओं को समझने वाली यात्राएं थीं। यह देश को बताने वाली यात्राएं थीं कि देश में राजनीति की जो दिशा है वह गलत हो रही है तथा हमें उसे ठीक करना है।

रायबरेली में राहुल Vs दिनेश प्रताप सिंह

1952 में अपने पहले लोकसभा चुनाव के बाद से, कांग्रेस सिर्फ तीन बार रायबरेली हारी है। 1977 में इमरजेंसी के बाद के चुनाव में और 1996 और 1998 के चुनावों में कांग्रेस ने इस सीट को गंवा दिया था। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी 2014 और 2019 के चुनाव में बीजेपी और मोदी लहर के बावजूद रायबरेली सीट जीतने में कामयाब रहीं थीं। इस बार स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया और वह राज्यसभा चली गईं हैं।

कांग्रेस ने इस बार राहुल गांधी को अपने पारंपरिक गढ़ से चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है, इस सीट का प्रतिनिधित्व एक समय में फ़िरोज़ गांधी और इंदिरा गांधी भी कर चुके हैं। राहुल गांधी का मुकाबला मौजूदा समय में रायबरेली में यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से है, जो 2019 के चुनाव में सोनिया गांधाी से 1.67 लाख से ज्यादा वोटों से हार गए थे।

राहुल और प्रियंका गांधी के दादा फिरोज गांधी आजादी के बाद हुए पहले चुनाव में रायबरेली से ही चुनाव जीते थे। वो 1957 का चुनाव भी रायबरेली से ही जीते थे.वहीं राहुल-प्रियंका की दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1967 और 1971 के चुनाव में वहां से सांसद चुनी गईं, लेकिन 1977 के चुनाव में उन्हें जनता पार्टी के राजनरायाण के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वो 1980 के चुनाव में एक बार फिर रायबरेली पर कब्जा जमाने में कामयाब रहीं। अब तक हुए लोकसभा चुनावों में केवल तीन बार ही विपक्षी दल रायबरेली से जीत हासिल कर पाए हैं।

प्रियंका गाँधी

प्रियंका वाड्रा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा एवं संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की मुखिया सोनिया गाँधी की दूसरी संतान है। उनकी दादी इंदिरा गाँधी और नाना जवाहर लाल नेहरू भी भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। उनके दादा फिरोज़ गाँधी एक जाने-माने संसद सदस्य थे और उनके परनाना, मोतीलाल नेहरु भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक महत्वपूर्ण नेता थे।