तीसरे चरण का मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण के लिए वोटिंग 7 मई आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। इस चरण में 11 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की 93 सीटों पर मतदान हो रहा है। तीसरे चरण में कुल 1.85 लाख पोलिंग स्टेशन पर 17.24 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 8.85 करोड़ पुरुष मतदाता और 8.39 करोड़ महिला हैं।

अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, क पुरुषोत्तम रुपाला समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फ़ैसला इस चरण में होगा। डिंपल यादव, सुप्रिया , दिग्विजय सिंह जैसे विपक्षी नेताओं की लोकसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है।
थर्ड फेज में 11 राज्यों की 93 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 94 सीटों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन सूरत में बीजेपी के प्रत्याशी के निर्विरोध चुने जाने से वहां मतदान नहीं हो रहा है।

अमित शाह

गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान है। इस सीट पर गृहमंत्री अमित शाह बीजेपी के प्रत्याशी हैं। गांधीनगर सीट साल 1989 से ही बीजेपी के पास रही है। यहां से बीजेपी के उम्मीदवार बड़े अंतर से जीतकर लोकसभा पहुंचते रहे हैं। इस सीट से अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और शंकर सिंह वाघेला चुनाव जीतते रहे।

ज्योतिरादित्य सिंधिया

मध्य प्रदेश की गुना सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में गुना लोकसभा सीट से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त कांग्रेस में कभी उनके करीबी रहे केपी यादव भारतीय जनता पार्टी में चले गए थे।

दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। साल 1994 में इस सीट को छोड़ने के बाद अब 32 साल बाद दिग्विजय सिंह इस सीट पर वापसी कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह को टक्कर दे रहे हैं बीजेपी के रोडमल नागर, जो कि इस सीट से मौजूदा सांसद हैं।

शिवराज सिंह चौहान

शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश की विदिशा सीट बीजेपी का गढ़ कह जाता है। इस सीट से अब पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान मैदान में हैं। विदिशा सीट से ही लोकसभा चुनाव जीतकर शिवराज पहली बार सांसद बने थे। विदिशा सीट से अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज जैसे नेता भी लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।

एसपी सिंह बघेल

उत्तर प्रदेश की आगरा लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल मैदान में हैं। साल 2009 से ही ये सीट बीजेपी के पास है। बघेल ने पिछले लोकसभा चुनाव में गठबंधन की तरफ़ से चुनाव लड़ रहे बीएसपी (बसपा ) प्रत्याशी मनोज सोनी को 2 लाख से ज़्यादा वोटों के अंतर से हराया था।

डिंपल यादव

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है. क़रीब 3 दशक से पार्टी ये सीट अपने पाले में रखती आई है। अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव इस सीट से एक बार फिर चुनाव लड़ रही हैं। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में डिंपल ने यहां से जीत दर्ज की थी। साल 1996 में मुलायम सिंह यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से जीते थे, तब से लेकर अब तक ये सीट समाजवादी पार्टी के पास ही है।

डिंपल यादव

 

सुप्रिया सुले

महाराष्ट्र की बारामती सीट से सुप्रिया सुले चुनाव लड़ रही हैं। राज्य के दिग्गज नेता शरद पवार की बेटी सुप्रिया के सामने, पवार के ही भतीजे अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ रही हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि शरद पवार और अजित पवार आमने-सामने हैं।

मनसुख मंडाविया

गुजरात की पोरबंदर लोकसभा सीट से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया मैदान में हैं। उनकी सीट पर तीसरे चरण में वोटिंग चल रही है। फिलहाल, मंडाविया राज्यसभा के सदस्य हैं। इस चुनाव में मंडाविया का मुक़ाबला कांग्रेस के प्रत्याशी ललित वसोया से है।पिछले लोकसभा चुनाव में वसोया को बीजेपी के रमेशभाई से 2 लाख से ज़्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।