उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ का कहर, दिल्ली से लेकर पंजाब-हरियाणा तक तबाही

0
उत्तर भारत में बाढ़

Highlights

  • दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207 मीटर के पार
  • पंजाब में 23 जिले बाढ़ से प्रभावित, 30 मौतें
  • यूपी में ताजमहल तक पहुंचा यमुना का पानी

उत्तर भारत इन दिनों बारिश और बाढ़ की चपेट में है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भरने से लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर 207 मीटर तक पहुंच गया है। पुराने रेलवे पुल और यमुना बाजार इलाके में पानी भर गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर 340 से ज्यादा उड़ानें लेट हो गईं। स्कूल बंद कर दिए गए हैं और अब तक 12 हजार लोग घर छोड़ चुके हैं।

दिल्ली-एनसीआर में हाहाकार

दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। ओल्ड उस्मानपुर, ओल्ड गढ़ी मेंडू, मोनेस्ट्री मार्केट और तिब्बती बाजार जैसे इलाकों में पानी घरों में घुस गया है। कई इलाकों में बिजली काटनी पड़ी है। ट्रैफिक जाम की वजह से लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे।

गाजियाबाद में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कारें और बाइकें डूब गईं। सात गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं। नोएडा में दिन में अंधेरा छा गया और दोपहर को दो घंटे मूसलाधार बारिश हुई। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की दीवार तक पहुंच गया है। कई घाट और श्मशान घाट जलमग्न हो गए हैं।

पंजाब में सबसे ज्यादा तबाही

पंजाब के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 1200 से ज्यादा गांव जलमग्न हैं। अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 3 लोग लापता हैं। सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेजों को 7 सितंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है।

हरियाणा के झज्जर, हिसार, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में तीन से पांच फीट पानी भरा है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड से तबाही मची हुई है। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मौत हुई है। कुल्लू और मंडी में मलबा गिरने से कई घर दब गए।

मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड बारिश

मध्य प्रदेश में अब तक 970 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत से ज्यादा है। कई जिलों में खेत और गांव डूब गए हैं। मानसून के इस सीजन में बारिश ने बीते सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।