Delhi Yamuna Flood: खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

0

Highlights

  • दिल्ली में यमुना का जलस्तर 205.50 मीटर तक पहुंचा
  • खतरे के निशान से ऊपर गया पानी, अलर्ट पर प्रशासन
  • बारिश और बांध से छोड़े गए पानी ने बढ़ाई मुश्किलें

दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है और जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। हालांकि बीते दो दिनों में पानी थोड़ा घटा है लेकिन हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

लोहा पुल से लिए गए ड्रोन वीडियो में साफ दिख रहा है कि यमुना का सैलाब कितना खतरनाक है। भारी बारिश और हरियाणा के हथनीकुंड व वजीराबाद बैराज से छोड़े गए पानी ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। राजधानी के कई निचले हिस्सों में जलभराव हो गया है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

नोएडा और गाजियाबाद में भी यमुना का असर

यमुना का जलस्तर बढ़ने से गाजियाबाद और नोएडा के कई गांवों में पानी भर गया है। नोएडा के डूब क्षेत्र में बने फार्म हाउस तक यमुना का पानी पहुंच चुका है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

फिलहाल यमुना का जलस्तर 205.50 मीटर तक पहुंच गया है जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में हालात और बिगड़ सकते हैं।

2023 की बाढ़ की याद

लोगों को 2023 की बाढ़ याद आ रही है जब जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया था। अगर इस बार भी पानी का स्तर बढ़ा तो दिल्ली और आसपास के निचले इलाकों में हालात गंभीर हो सकते हैं।