नेपाल में हालात दिनोंदिन खराब होते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें और वीडियो देखकर बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस मनीषा कोइराला भी बेचैन हो उठी हैं। मनीषा ने अपने देश नेपाल में हो रही हिंसा और दमन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मनीषा खुद नेपाल से ताल्लुक रखती हैं और उनका जन्म काठमांडू में हुआ था। ऐसे में देश में हो रहे विरोध-प्रदर्शन ने उन्हें झकझोर दिया है।
मनीषा कोइराला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खून से सने जूते की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आज का दिन नेपाल के लिए काला दिन है। जब जनता की आवाज को दबाने के लिए गोलियों का इस्तेमाल किया जाए, तब यह दिन शोक और पीड़ा का प्रतीक बन जाता है। जनभावना की अनदेखी और भ्रष्टाचार के खिलाफ उठती आवाजों को कुचलने की कोशिशें एक राष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं।” उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई।
सोशल मीडिया पर प्रतिबंध में जल रहा नेपाल
नेपाल में हालात तब और बिगड़ गए जब सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगा दिया। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे 26 प्लेटफॉर्म्स पर रोक लगाए जाने के बाद देशभर में खासतौर पर Gen Z युवाओं ने विरोध शुरू कर दिया। राजधानी काठमांडू सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस ने विरोध कर रहे युवाओं पर आंसू गैस, रबर बुलेट और गोलियों तक का इस्तेमाल किया। इसमें 20 से अधिक लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की खबर सामने आई। कई जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया गया है।
Latest Posts
मनीषा कोइराला का नेपाल से गहरा रिश्ता रहा है। उनके दादा विशेश्वर प्रसाद नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं और उनके पिता भी कैबिनेट मंत्री थे। फिल्मों की दुनिया में उन्होंने नेपाली फिल्म ‘फेरी भेटौला’ से शुरुआत की थी। इसके बाद साल 1991 में उन्होंने बॉलीवुड में फिल्म ‘सौदागर’ से कदम रखा, जिसने उन्हें पहचान दिलाई। आज वे न केवल एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि मानव अधिकारों और जन आंदोलनों के समर्थन में भी मुखर आवाज बन चुकी हैं।