Highlights
- व्हाट्सएप पर आया था 400 किलो RDX का धमकी संदेश
- मुंबई पुलिस ने तुरंत शहर को हाई अलर्ट किया
- नोएडा से पकड़ा गया आरोपी, ज्योतिष का काम करता था
Mumbai Blast Threat News – गुरुवार देर रात मुंबई पुलिस को एक सनसनीखेज धमकी भरा व्हाट्सएप संदेश मिला। इसमें दावा किया गया था कि लश्कर-ए-जिहादी (Lashkar-e-Jihadi) के 14 आतंकी मुंबई पहुँच चुके हैं और वे 400 किलो RDX से 34 गाड़ियों में बम लगाकर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। इस धमकी के बाद पुलिस ने पूरे शहर को हाई अलर्ट पर डाल दिया और सभी सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
जांच शुरू होते ही मुंबई पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस से संपर्क किया। स्वाट टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 5 घंटे में आरोपी अश्विनी कुमार को नोएडा सेक्टर-79 की एक सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पटना, बिहार का रहने वाला है और बीते पांच साल से नोएडा में रहकर ज्योतिष और वास्तु से जुड़ा काम करता था।
मुंबई पुलिस को सौंपा गया आरोपी
नोएडा पुलिस ने आरोपी को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच और एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) उससे पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि धमकी भरा संदेश खुद अश्विनी ने ही भेजा था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इस संदेश के पीछे कोई गहरी साजिश थी या फिर यह महज अफवाह फैलाने की कोशिश।
हाई अलर्ट पर मुंबई
धमकी में दावा किया गया था कि अनंत चतुर्दशी के मौके पर यह धमाका किया जाएगा जिससे करीब 1 करोड़ लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। इसके चलते शहर में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और जांच एजेंसियां चौकन्नी हैं।
Latest Posts
क्या है आगे की जांच
पुलिस अभी इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने ऐसा संदेश क्यों भेजा। क्या इसके पीछे कोई आतंकी संगठन जुड़ा है या आरोपी ने व्यक्तिगत कारणों से ऐसा कदम उठाया। मुंबई जैसी महानगर में ऐसी धमकियां सुरक्षा तंत्र को हिला देती हैं, इसलिए इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है।