नेपाल में बवाल! युवाओं का उग्र आंदोलन, कई मंत्रियों के घरों पर हमले

0

भारत के पड़ोसी देशों श्रीलंका और बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद अब नेपाल में भी राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर पाबंदी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार को काठमांडू और उसके आसपास के शहरों में हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू लगाना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद स्थिति नियंत्रण में नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने कई मंत्रियों और नेताओं के घरों को निशाना बनाया।

सोमवार को हुई हिंसा में 20 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगाते हुए लोगों का गुस्सा बढ़ गया। मंगलवार को उपद्रवियों ने होम मिनिस्टर रमेश लेखक, कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी, संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग और डिप्टी पीएम बिष्णु पौडेल समेत कई नेताओं के घरों को आग के हवाले कर दिया। केंद्रीय बैंक के गवर्नर बिस्वो पौडेल के घर पर भी पत्थरबाजी की गई।

5 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

हिंसा की वजह से पांच मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी और होम मिनिस्टर रमेश लेखक पहले ही पद छोड़ चुके हैं। अब यह चर्चा जोरों पर है कि पीएम ओली को भी पद छोड़ने पर मजबूर किया जा सकता है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने प्रधानमंत्री से भी त्यागपत्र देने की अपील की है।

आंदोलन में शामिल युवाओं का कहना है कि सोशल मीडिया बंद करने और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार जिम्मेदार है। कर्फ्यू की घोषणा के बावजूद बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर रहे हैं। काठमांडू, ललितपुर और अन्य क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दी हैं।

नेपाल में यह संकट केवल राजनीतिक अस्थिरता नहीं, बल्कि युवाओं के बीच बढ़ती असंतोष की तस्वीर भी है। अगर स्थिति नहीं संभाली गई तो नेपाल में भी श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल सकती है।