पीएम मोदी पर प्रियंका गांधी का निशाना

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अंतिम चरण का मतदान 1 जून को होना है। राज्य में चुनावी माहौल जोरों पर है और विभिन्न पार्टियों के स्टार प्रचारक जनसभाएं कर रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के समर्थन में प्रचार किया।

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य की कोई मदद नहीं की।

प्रियंका गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार ने केवल अपने अमीर मित्रों को खुश करने की नीतियां बनाईं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के लिए केंद्र सरकार के पास पैसे नहीं हैं, जबकि उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए गए और देश के संसाधन उन्हें सौंपे जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सेब के कोल्ड स्टोरेज उद्योगपति मित्रों को सौंप दिए हैं, जिससे सेब बागवानों को उचित दाम नहीं मिल रहे हैं।

सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी की बात फिर उठाई

प्रियंका गांधी ने कहा कि विदेशी सेब पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाने से सेब बागवानों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक सत्ता में रहते हुए कभी जनता के हितों के साथ समझौता नहीं किया। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। उनकी नीतियां आम जनता के खिलाफ हैं।

बीजेपी पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप

प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीर भूमि है और यहां के लोग ईमानदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनबल का उपयोग कर राज्य की ईमानदार सरकार को गिराने की कोशिश की। प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी को हिमाचल प्रदेश के लोगों से कोई प्यार नहीं है, बल्कि भाजपा नेताओं का मकसद हर हाल में सत्ता हासिल करना है। प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश को अपना घर बताते हैं, लेकिन जब राज्य में आपदा आई तो वे एक बार भी यहां नहीं आए और केंद्र की ओर से आपदा प्रभावितों के लिए कोई मदद नहीं दी।