सीएम भगवंत मान

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बुधवार को तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नहीं मिल पाएंगे। भगवंत मान द्वारा पिछले सप्ताह केजरीवाल से मिलने की इच्छा व्यक्त करने के बाद जेल अधिकारियों को एक संदेश भेजा गया था। तिहाड़ जेल अधिकारियो द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय को सूचित किया गया कि भगवंत मान और चार अन्य लोग केजरीवाल से मिल सकते हैं। पार्टी ने फैसला किया था कि भगवंत मान, संजय सिंह, केजरीवाल की पत्नी और दोनों बच्चे जेल में बंद दिल्ली के सीएम केजरीवाल से मिलेंगे।

देर रात जेल अधिकारियों ने भी थी सूचना

तिहाड़ जेल अधिकारियों ने मंगलवार देर रात एक सूचना भेजी थी कि भगवंत मान और संजय सिंह सुरक्षा कारणों से केजरीवाल से नहीं मिल पाएंगे और जेल अधिकारियों द्वारा जल्द ही मुलाकात का नया समय बताया जायेगा। आप नेताओं के मुताबिक, जेल अधिकारियों ने पहले भगवंत मान और संजय सिंह को बुधवार दोपहर 1 बजे उनसे मिलने की अनुमति दी थी।

संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा था कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने का मामला सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र है। एक साजिश के तहत ये मामला बनाया गया है। संजय सिंह ने कहा की इनका मकसद केजरीवाल की सरकार को गिराने और खत्म करने का है। साथ ही पंजाब की बहुमत के साथ चुनी हुई सरकार को गिराने और खत्म करने का मकसद है। उन्होंने कहा की शराब घोटाला तो भारतीय जनता पार्टी ने किया है और वहां तो मनी ट्रेल भी मिल गया है, लेकिन भाजपा नेताओं पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

पहले ईडी के अधिकार क्षेत्र में और अब तिहाड़ में

सीएम केजरीवाल को कथित उत्पाद शुल्क घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। 21 मार्च से सीएम केजरीवाल पहले ईडी के अधिकार क्षेत्र में और बाद में तिहाड़ जेल में हिरासत में हैं।

अदालत ने याचिका की खारिज

शराब नीति मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सीएम केजरीवाल आज सुप्रीम कोर्ट पहुंचे है। जहां उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी और उन्हें हिरासत में भेजने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने पूछा सवाल

बीजेपी पर निशाना साधते हुऐ पंजाब के सीएम मान ने कहा की एक सीएम जेल से अपना संदेश क्यों नहीं भेज सकते? पार्टी के विधायक कह रहे है की वे दिल्ली की जनता की समस्या सुने। भाजपा भावनात्मक रूप से केजरीवाल को तोड़ना और प्रताड़ना चाहती है, लेकिन उनकी ये कोशिश सफल नहीं होंगी।