Weather Report Today: दिल्ली-एनसीआर में कल पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि बारिश का नामोनिशान नहीं था। इसके चलते शाम को काफी उमस हो गई थी। इसी बीच मौसम विभाग ने यूपी, बिहार और झारखंड में मॉनसून के आने की तारीख बता दी है। IMD के मुताबिक, आज-कल यूपी, पटना और भोपाल में मॉनसून की एंट्री हो सकती है। चलिए जानते हैं आज देशभर में मौसम कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में अगली बार बारिश कब आएगी?
हाल ही में दिल्ली में एक दिन की बारिश हुई थी, लेकिन अब फिर से सूखा पड़ गया है। इससे लोगों को काफी उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज के लिए राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 24 जून तक दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
जानिए चुनिंदा शहरों का मौसम का मिजाज
शहर | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
---|---|---|
दिल्ली | 36°C | 27°C |
मुंबई | 30°C | 25°C |
कोलकाता | 31°C | 26°C |
चेन्नई | 37°C | 27°C |
हैदराबाद | 35°C | 25°C |
जयपुर | 38°C | 29°C |
अहमदाबाद | 41°C | 30°C |
चंडीगढ़ | 34°C | 26°C |
लखनऊ | 34°C | 25°C |
पटना | 34°C | 29°C |
देश के पूर्वी राज्यों में ओडिशा में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 18 से 24 जून के बीच मौसम काफी सक्रिय रहेगा, खासकर मयूरभंज और क्योंझर में जहां बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इन दोनों क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन को सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। लोगों को भी बारिश और जमीन खिसकने से सुरक्षित रहने के लिए उपाय अपनाने चाहिए।
यूपी में मॉनसून कब आएगा?
मौसम विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी में प्री-मानसून बारिश ने थोड़ा राहत दी है और अब मुख्य मानसून जल्दी ही उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में दस्तक देने वाला है। आगरा में शुक्रवार (20 जून) को बारिश का असर शुरू होने की उम्मीद है। तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में तीन दिन तक होगी झमाझम बारिश
पहाड़ों पर भी बारिश का सिलसिला जारी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो-तीन दिनों में उत्तराखंड में भी मॉनसून आने की संभावना है। इसलिए अगले तीन दिन तक पहाड़ी क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।