केजरीवाल पर 'सिख फॉर जस्टिस' से फंड लेने का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाले के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद सूबे के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जोरदार झटका लगा है। दरअसल, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री के खिलाफ एनआईए जांच की सिफारिश की है। दरअसल, केजरीवाल पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सिख फॉर जस्टिस से कथित तौर पर राजनीतिक फंडिंग प्राप्त करने का आरोप हैं।

16 मिलियन अमेरिकी डॉलर

उपराज्यपाल सक्सेना को विश्व हिंदू महासंघ ने लिखित शिकायत की थी। जिसमें आरोप लगा था की अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP को देवेंद्र पाल भुल्लर की रिहाई और खालिस्तान समर्थक भावनाओं को बढ़ावा देने के लिए 2014 और 2022 के बीच चरमपंथी खालिस्तानी समूहों से 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर चंदा मिले थे। आरोप है कि इसके बदले usa के न्यूयॉर्क में रिचमंड हिल गुरुद्वारा में एक बैठक के बाद आतंकवादी देवेंद्र पाल भुल्लर को रिहा करने का वादा किया गया।

केजरीवाल के खिलाफ किसने की शिकायत?

यह शिकायत वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव आशू मोंगिया और आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकर्ता मुनीष कुमार रायजादा ने की थी। शिकायतकर्ताओं ने एक वीडियो सामग्री का भी हवाला दिया है, जिसमें गुरपतवंत सिंह पन्नू भी शामिल था। आरोप है कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को 2014 और 2022 के बीच खालिस्तानी ग्रुप से 16 मिलियन अमरीकी डॉलर की भारी चंदा मिला था।

आरोपों पर क्या बोली AAP?

आम आदमी पार्टी ने इन तमाम आरोपों को खारिज किया है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2022 में पंजाब चुनाव के ठीक पहले भी भाजपा ने यही आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने उस समय पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के आरोपों पर कहा था कि जांच करेंगे, लेकिन जांच में कुछ नही मिला।

न्यूयार्क में बैठक

एलजी को यह पत्र वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन- इंडिया नामक संगठन ने लिखा है। इसमें बताया गया है कि आम आदमी पार्टी ने यह चंदा 2014 से 2022 के बीच में लिया। आगे लिखा है 2014 में अमेरिका के शहर न्यूयॉर्क स्थित एक गुरुद्वारे में सिख फॉर जस्टिस के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू और केजरीवाल की मुलाकात हुई थी। इस मीटिंग में केजरीवाल ने पन्नू को आश्वस्त किया था वह 1993 दिल्ली बम धमाके में दोषी उम्रकैद की सजा काट रहे भुल्लर को जेल से रिहा कराने में मदद करेंगे।

उपराज्यपाल बीजेपी के एजेंट- आप नेता

उपराज्यपाल कार्यालय के पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उपराज्यपाल “भाजपा के एजेंट हैं”। उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा के इशारे पर सीएम केजरीवाल के खिलाफ यह एक और बड़ी साजिश है। भाजपा दिल्ली की सभी सात सीटें हार रही है और इसलिए परेशान है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भी भाजपा ने यह साजिश रची थी।

कौन है देवेंद्र पाल सिंह भुल्लर?

देवेंद्र पाल सिंह भुल्लर 1993 के दिल्ली बम विस्फोट मामले में दोषी है। भुल्लर को दिल्ली में युवा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विस्फोट में नौ लोगों की हत्या और 31 अन्य को घायल करने के मामले में दोषी ठहराया गया था। जर्मनी से डिपोर्ट करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 1995 से तिहाड़ जेल में बंद भुल्लर को अगस्त 2001 में अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी, लेकिन 2014 में उसकी मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया।

केजरीवाल फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 1 अप्रैल से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्हें इसी साल 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था।