लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी राज्य में भाजपा को जीत नहीं मिल रही है। केजरीवाल ने अमित शाह के पीएम बनने और योगी आदित्यनाथ के सीएम पद से हटने का दावा किया।

आरक्षण खत्म कर देंगे

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर नजर गड़ाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पीएम मोदी अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाएंगे। जीतने के बाद योगी को हटाएंगे। वे संविधान बदल कर आरक्षण खत्म कर देंगे। केजरीवाल ने एक बार फिर यूपी के चुनावी मैदान में आरक्षण का राग छेड़ दिया।

उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में भाजपा की सीटें घट रही हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक भाजपा की सीटें कम हो रही हैं। 4 जून को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। 2014 में जब नरेंद्र मोदी पीएम बने तो उन्होंने नियम बनाया कि जो भी 75 साल का होगा, उसे पार्टी और सरकार में किसी पद पर नहीं रखेंगे। अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर भी बड़ा दावा किया।

सीनियर नेताओं को हटाया

भाजपा के सीनियर नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और सुमित्रा महाजन को हटाने का जिक्र अरविंद केजरीवाल ने किया। अगले साल 17 सितंबर को मोदी 75 साल के हो रहे हैं। ये काम कई साल से चल रहा है। जो भी अमित शाह के बाधा बन सकते थे, उन्हें हटा दिया। शिवराज, वसुंधरा, खट्टर, रमन सिंह, फडनवीस को हटाया गया। एक ही शख्स योगी आदित्यनाथ कांटा बन सकते हैं, उन्हें हटाने का मन बना लिया है। इनकी सरकार बनते ही योगी को दो महीने में हटा देंगे

पंजाब में एक भी सीट नहीं

सीएम केजरीवाल ने मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि बीजेपी को पंजाब में एक भी सीट नहीं मिल रही है। इसके अलावा उन्होंने अपने पहले के बयानों को दोहराते हुए कहा, ‘पीएम मोदी अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं। अगर बीजेपी इस बार के लोकसभा चुनाव में जीत गई तो योगी आदित्यनाथ को दो-तीन महीने में सीएम पद से हटा दिए जाएंगे और अमित शाह को पीएम मोदी अपना वारिस बनाएंगे।

केशव मौर्या ने जवाब दिया

लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश और केजरीवाल की संयुक्त प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश और प्रदेश घूमने से पहले फिर से तिहाड़ जाने की तैयारी करें। पूरा देश मोदी जी के साथ है। इंडिया गठबंधन ठगबंधन है। अखिलेश यादव 2014, 2017 और 2022 में क्या कहे थे।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी चुनाव हार रहे हैं। केशव मौर्य ने आगे कहा, उन्होंने 60 साल शासन किया और जब लोग भूख से मर रहे थे तो उन्हें याद नहीं आया? एक गरीब मां-बाप का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना और उसने गरीबों का चूल्हा शांत हो, उसका प्रबंध कर दिया तो झूठ बोलने की मशीन कांग्रेस और INDIA गठबंधन 5 किलो अनाज की जगह 10 किलो अनाज देने की बात कर रहे हैं? इस समय पूरा देश खुशहाल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।

अखिलेश यादव

अखिलेश यादव एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं जो उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इससे पूर्व वे लगातार तीन बार सांसद भी रह चुके हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश ने 2012 के उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में अपनी पार्टी का नेतृत्व किया। उनकी पार्टी को राज्य में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद, 15 मार्च 2012 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। 2022 विधान सभा चुनाव में करहल सीट से मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रो.सत्यपाल सिंह बघेल को हराकर पहली बार विधायक बने और आजमगढ़ लोकसभा सदस्य से इस्तीफा दे दिया।

अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल एक भारतीय राजनीतिज्ञ, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं। अपने पहले कार्यकाल के दौरान वह दिसम्बर से फ़रवरी तक इस पद पर रहे। केजरीवाल एक सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं और सरकारी कामकाज़ में अधिक पारदर्शिता लाने के लिये संघर्ष किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नाम से एक नये राजनीतिक दल की स्थापना की।