एयर इंडिया की फ्लाइट में मचा हड़कंप: हवा में तेज झटकों से गिरने लगे बैग, बाल-बाल बचे 171 यात्री

घटना के समय कई यात्री जलपान कर रहे थे। तभी विमान अचानक झटकों से कांपने लगा। सीटों पर रखे बैग नीचे गिर गए और यात्रियों का खाना-पानी भी बिखर गया।

0
एयर इंडिया की फ्लाइट में मचा हड़कंप: हवा में तेज झटकों से गिरने लगे बैग

दिल्ली से पटना जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-407 मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा में जोरदार झटकों के चलते विमान में सवार 171 यात्रियों की जान पर बन आई। सीटों पर रखे बैग अचानक गिरने लगे। खाने-पीने की चीजें बिखर गईं और पूरे विमान में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

हवा में उड़े बैग, बिखरा खाना

घटना के समय कई यात्री जलपान कर रहे थे। तभी विमान अचानक झटकों से कांपने लगा। सीटों पर रखे बैग नीचे गिर गए और यात्रियों का खाना-पानी भी बिखर गया। बच्चों और बुजुर्गों में डर का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा हादसा होने वाला है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मुश्किल हालात में पायलट और क्रू मेंबर्स ने धैर्य और समझदारी से स्थिति को संभाला। विमान को सफलतापूर्वक पटना एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और क्रू की जमकर तारीफ की। एयर इंडिया ने घटना पर बयान जारी कर बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा गया है और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है।